गोंडा। रेलवे में कार्यालय अधीक्षक पद पर तैनात चंद्रा निवासी इमिलिया गुरुदयाल ने सूदखोर की धमकी से तंग आकर आईजी से गुहार लगाई है।
चंद्रा ने आईजी अमित पाठक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके कार्यालय में एक सूदखोर आता-जाता है। उससे पहचान हो गई थी। पैसों की जरूरत पर एक बार उससे 50 हजार और दूसरी बार एक लाख तीन हजार रुपये लिए थे। रकम की उन्होंने भिन्न-भिन्न तिथियों में अदायगी कर दी। ब्याज सहित पैसे ऑनलाइन, नकद व अपने बेटे के खाते में सूदखोर ने उनसे लिए हैं। चंद्रा के मुताबिक इसके बाद दो मार्च 2024 को उन्होंने अपने विभाग से 9,69,000 रुपये का ऋण लिया था। उसी दिन सूदखोर दो सहयोगियों के साथ उनके पास आया और उनसे रुपये यह कहकर ले लिए कि बाद में लौटा देगा। जब उन्होंने सूदखोर से रकम वापस मांगी तो वह उनसे ही और रकम की मांग करने लगा। अब उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है। वह फोन करके उनसे गाली-गलौज करता है। घर पर कब्जा करने की धमकी भी दी है। आरोप है कि एक रजिस्टर पर जबरन उनके हस्ताक्षर भी बनवा लिए हैं। आईजी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। (संवाद)