बुढ़वल व बिंदौरा रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे एक मानव रहित समपार फाटक पर हुई ट्रक-ट्रेन की भिड़ंत से गोरखपुर-गोंडा के बीच चलने वाली अप-डाउन एक दर्जन ट्रेनों का आवागमन साढ़े तीन घंटे तक बाधित रहा। इससे यात्रियों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ीं। बताया जाता है कि कुसिया से लालगंज के बीच चलने वाली अवध-आसाम एक्सप्रेस गुरुवार सुबह 9.30 बजे जैसे ही बाराबंकी में बुढ़वल व बिंदौरा रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची कि अचानक एक मानव रहित समपार फाटक पर उसकी भिड़ंत गेट पार कर रहे एक ट्रक से हो गई। इसमें ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे करीब साढ़े तीन घंटे तक गोंडा-गोरखपुर रेलरूट के अप-डाउन ट्रैक पर होने वाली एक दर्जन ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। गोंडा से लखनऊ की ओर जाने वाली कोचीन एक्सप्रेस, इंटरसिटी व बरौनी सहित कई ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर रोक देना पड़ा। इसी तरह लखनऊ से गोरखपुर को जाने वाली बांद्रा, कुर्ला, जननायक एक्सप्रेस ट्रेनें भी लखनऊ व आसपास के स्टेशनों पर खड़ी कर दी गईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोंडा से 9.50 बजे रेल दुर्घटना सहायता यान को मौके के लिए रवाना किया गया। साथ ही इंजीनियरों की एक टीम भी मौके पर पहुंच गई। जिसने कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे रेल यातायात बहाल किया। हालांकि इस बीच ट्रेनों का आवागमन बंद रहने से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक एएन मिश्र ने बताया कि बुढ़वल व बिंदौरा रेलवे स्टेशन के बीच रेल दुर्घटना होने से साढ़े तीन घंटे तक अप-डाउन ट्रैक पर चलने वाली ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा, जो दोपहर एक बजे सामान्य हुआ।