गोंडा। रेलवे प्रशासन बाराबंकी-गोंडा रेलखंड पर तीसरी लाइन बिछाने के लिए इंटरलाॅकिंग का काम करा रहा है। इसके लिए 11 दिन का मेगा ब्लॉक लिया गया है। चौथे दिन शुक्रवार को सात घंटे तक मेगा ब्लॉक लेकर करनैलगंज-जरवल रोड से घाघरा घाट (21.7 किमी) तक तीसरी रेल लाइन के अप व डाउन ट्रैक पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने इंटरलॉकिंग का काम कराया। मेगा ब्लॉक के चलते 22 ट्रेनों को निरस्त करने के साथ ही 52 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। साबरमती, अमरनाथ, पनवेल, राप्तीसागर व जननायक ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन से सबसे ज्यादा समस्या माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को हो रही है। उन्हें गोंडा के बजाय लखनऊ जाकर जम्मू के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ रही है। दूसरे खंड का कार्य 30 जून से चार जुलाई तक होगा। इस दौरान निरस्त व मार्ग में परिवर्तन होने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ जाएगी। (संवाद)