फोटो-8-गोंडा के मनकापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के चालक व गार्ड को माला पहनाकर स्वागत करते स्थानीय ल?
- फोटो : GONDA
मनकापुर (गोंडा)। मंगलवार की सुबह सात बजे गोंडा से चलकर वाराणसी तक जाने वाली गोंडा-वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन मनकापुर स्टेशन पर पहुंची। इसी खुशी में मानस मंगल दल सेवा समिति के कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने लोको पायलट एवं गार्ड को माला पहनाकर स्वागत किया। लोगों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। ट्रेन के संचालन से काशी की यात्रा सुगम होगी, स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
कोरोना काल से गोंडा-वाराणसी इंटरसिटी का संचालन बंद था। तमाम कोशिशों के बाद लगभग ढाई वर्ष बाद दोबारा संचालन शुरू हुआ है। बता दें कि इस ट्रेन का संचालन बंद होने से वाराणसी, अयोध्या जाने वाले तीर्थ यात्रियों, विद्यार्थियों, दैनिक यात्रियों, व्यापारियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ता था।
वाराणसी इंटरसिटी के दोबारा संचालन के लिए मानस मंगल दल सेवा समिति के अध्यक्ष आरके नारद ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड चेयरमैन, महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर, मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ, रेल परामर्श दात्री सदस्य पंकज श्रीवास्तव को भेजकर संचालन शुरू कराने की मांग की थी। सांसद कीर्तिवर्धन सिंह राजा भैया को भी ज्ञापन दिया गया था।
सांसद के प्रयास से दोबारा मनकापुर-अयोध्या पैसेंजर एवं गोंडा-वाराणसी इंटरसिटी का संचालन शुरू कराया गया। इस ट्रेन के संचालन से लोगों में खुशी है। स्वागत करने वालों में राजेश जायसवाल, श्रवण कुमार, अमरेश मिश्रा, अमरदीप, राजदीप, शिवा प्रियदर्शनी आदि मौजूद रहे। (संवाद)