गोंडा। उत्तर रेलवे प्रशासन के निर्णय से एक बार फिर यात्रियों को निराशा हाथ लगी है। वाराणसी मार्ग पर ट्रैक दोहरीकरण के कारण दो अगस्त से चलने वाली गोंडा से वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन का संचालन एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। ट्रेन अब दो अगस्त के बजाए नौ अगस्त से वाराणसी के लिए चलेगी।
अभी कुछ पहले पूर्व रेलवे बोर्ड ने 40 माह से बंद चल रही गोंडा-वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन का संचालन दो अगस्त से करने की घोषणा की थी। उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक वाराणसी के बीच ट्रैक का दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इस वजह से ट्रेन का संचालन नौ अगस्त से किया जाएगा। ट्रेन चलने में देरी से बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को निराशा हाथ लगी है।
रेल अधिकारियों के मुताबिक, इस इंटरसिटी ट्रेन का विस्तार किए जाने की योजना थी। ट्रेन को बहराइच रेलवे स्टेशन से संचालित करने की बात कही जा रही थी, लेकिन इस पर भी रोक लग गई है।
बहराइच तक विस्तार का होगा प्रयास
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के अपर मंडल रेल प्रबंधक शिशिर सोमवंशी का कहना है कि ट्रैक दोहरीकरण के चलते गोंडा से वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन का संचालन एक हफ्ते आगे के लिए बढ़ा दिया गया है। बताया कि इस ट्रेन का विस्तार बहराइच रेलवे स्टेशन से किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।