गोंडा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बमड़ेरा निवासी दवा व्यापारी रविंद्र कुमार पांडेय (55) की शनिवार भोर रेल लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है।
बमड़ेरा निवासी रविंद्र कुमार पांडेय करीब 35 वर्षों से बालपुर बाजार में मेडिकल स्टोर संचालित करते थे। वह प्रतिदिन भोर में टहलने निकलते थे। गांव में ही रेलवे लाइन के दूसरी ओर उनका खेत है। सोमवार भोर रविंद्र टहलने निकले थे। तभी रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से रविंद्र की मौत हो गई। चचेरे भाई महेश पांडेय ने बताया कि रविंद्र गरीब लोगों को मुफ्त दवा देते थे।
युवाओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी देते थे। उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े। उपनिरीक्षक अजय पांडेय व जीआरपी के दरोगा मो. शमीम ने मौका मुआयना करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविंद्र के निधन पर डॉ. शारदा पांडेय, डॉ. हरिशंकर सिंह, धीरेंद्र तिवारी, महेश पांडेय, अजय पांडेय, डॉ. जय बनर्जी, प्रयाग दत्त मिश्र सहित अन्य ने शोक संवेदना व्यक्त की है।