झंझरी। देहात कोतवाली क्षेत्र की जमदरा ग्राम पंचायत में शनिवार सुबह एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सरयू नहर में पलट गया। कुछ राहगीरों ने तत्काल नहर में उतरकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार रोहित पाल खेत की जोताई के बाद ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। पूर्वाह्न 11 बजे लालनगर के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिर गया। चालक रोहित को नहर से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। ट्रैक्टर को जेसीबी मंगाकर नहर से निकलवा लिया गया। (संवाद)