गोंडा। पुलिस ने शुक्रवार रात शहर में भरत मिलाप चौराहे के पास टॉप-10 अपराधी को उसके साथी के साथ दबोचा है। सफारी गाड़ी सवार इन दोनों के पास से दूसरे के नाम की दो लाइसेंसी बंदूकें व कारतूस बरामद हुए हैं। कोतवाली नगर में दोनों आरोपियों संग दोनों बंदूकों के लाइसेंस धारकों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
नगर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि क्षेत्र की महराजगंज चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार, रोडवेज चौकी प्रभारी रामआशीष मौर्य व गुरुनानक चौकी प्रभारी भानु प्रताप सिंह शुक्रवार रात गश्त पर निकले थे। इसी दौरान भरत मिलाप चौराहे के पास सफारी गाड़ी की चेकिंग की गई तो उसमें सवार प्रिंस शुक्ल निवासी गंगापुर, नगर कोतवाली और धवल तिवारी निवासी हरहरा गुलरिहा, देहात कोतवाली के पास से एक एसबीबीएल व एक डीबीबीएल बंदूक और तमाम कारतूस बरामद हुए।
कोतवाल के मुताबिक एक बंदूक का लाइसेंस कुसुम देवी पत्नी स्वर्गीय सत्यराम शुक्ल निवासी गंगापुर, नगर कोतवाली और दूसरी बंदूक का लाइसेंस शिवपूजन तिवारी निवासी हरहरा गुलरिहा के नाम है। कोतवाल ने बताया कि पकड़ा गया प्रिंस शुक्ल नगर कोतवाली नगर क्षेत्र का टॉप-10 अपराधी है। प्रिंस शुक्ला, धवल तिवारी और लाइसेंस धारक कुसुम देवी व शिवपूजन तिवारी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।