नवाबगंज (गोंडा)। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में एक युवक को मेडिकल कॉलेज अयोध्या व दूसरा लखनऊ रेफर किया गया है।
नवाबगंज थानाक्षेत्र के नकहरा पूरे बरई गांव निवासी श्रवण (36) बुधवार की दोपहर बाइक से कस्बा नवाबगंज किसी काम से आया था। देर रात घर लौट रहा था।
ढेमवा मार्ग पर चौखड़िया गांव के पास सामने से आ रहे साइकिल सवार बुजुर्ग किशोरी (60) से भिड़ंत हो गई। हादसे के दौरान श्रवण बाइक समेत सड़क पर गिर गया।
हेलमेट नहीं लगाए था, जिससे सिर में अधिक चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साइकिल सवार किशोरी का मेडिकल कॉलेज अयोध्या में चल रहा है।
दूसरे हादसे में वजीरगंज थाना क्षेत्र के ब्रह्माचारी पुरवा निवासी किशन दूबे (31) बुधवार को बाइक से अयोध्या गया था। लौटते वक्त दुल्लापुर रेलवे क्राॅसिंग के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। हेलमेट टूटकर दूर जा गिरा और उसकी मौत हो गई।
तीसरे हादसे में बहराइच के पखरपुर के खेमनीपुर गांव निवासी बीरेंद्र कुमार का बेटा अखिलेश उर्फ गोलू (20) बुधवार की रात बाइक से कौड़िया थानाक्षेत्र के रामापुर बाजार के पास एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहा था।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के शांतिनगर के पास बेकाबू कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी और चालक भाग निकला। जख्मी हालत में तकरीबन एक घंटे तक पड़ा रहा।
उधर से गुजर रहे राहगीर की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों ने उसे सीएचसी कटरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार संजय गुप्ता ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
चौथे हादसे में थाना खरगूपुर क्षेत्र के ओरीपुरवा गांव के समीप बुधवार की रात आर्यनगर से महराजगंज होकर बलरामपुर की ओर जा रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर गांव के लल्लन शुक्ला के घर में घुस गया।
इसकी चपेट में आने से ओरीपुरवा निवासी सुरेश कुमार सुरेश कुमार (35) पुत्र बाबूचंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल लाया गया। जहां से चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।