गोंडा। एचडीएफसी लाइफ पॉलिसी से 14.5 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक चिकित्सक से 44,200 रुपये ठग लिए। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी नोएडा में कॉल सेंटर का संचालन करते थे। जहां से पॉलिसी के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, एक प्रिंटर, एक लैपटॉप, एटीएम कार्ड आदि सामान बरामद हुआ है।
एएसपी शिवराज ने बताया कि नोएडा की नेत्र चिकित्सक मनदीप कौर ने सात मई को कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें कहा कि एक मई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने लाइफ पॉलिसी के बारे में बात की और एचडीएफसी लाइफ पॉलिसी से 14.5 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर गाेंडा के इटियाथोक निवासी एक व्यक्ति के खाते में 44,200 रुपये जमा करने को कहा। लालच में आकर मनदीप ने खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब मनदीप को पॉलिसी के 14.5 लाख रुपये नहीं मिले तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
एएसपी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए नगर कोतवाली पुलिस समेत साइबर सेल की टीम को लगाया गया था। टीम ने इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ राजू निवासी सिखेड़ा, कोतवाली देहात बुलंदशहर, राहुल पांडेय निवासी गनवरिया छितौनी, कोतवाली देहात बलरामपुर व उमाशंकर जायसवाल निवासी कस्बा इटियाथोक को सेक्टर 10, थाना फेज प्रथम गौतमबुद्धनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, एक प्रिंटर, एक लैपटाॅप, एटीएम कार्ड व बैंक कार्ड बरामद हुआ है। बताया कि पकड़े गए आरोपी नोएडा में कॉल सेंटर का संचालन करते थे। वहीं से लोगों को पॉलिसी दिलाने के नाम पर ठगी करते थे।
पॉलिसी दिलाने के नाम पर झांसा देने वाले उमाशंकर जायसवाल ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों संग मिलकर लोगों से ठगी करता था। उनसे नेत्र चिकित्सक मनदीप कौर को झांसा देकर इटियाथोक में रहने वाले 85 वर्षीय अपने नाना के खाते में 44,200 रुपये मंगाए थे।