गोंडा। सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, तीन युवक घायल हो गए। करनैलगंज में बारात से लौट रहे बाइक सवार तीन युवक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, खरगूपुर खरगूपुर में दो बाइकों की टक्कर में मां की मौत हो गई और बेटा घायल हो गया। इसी तरह इटियाथोक में सड़क पार करते वक्त अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई।
करनैलगंज क्षेत्र के हीरापुर लोनियन पुरवा में श्यामलाल के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंगलवार देर रात करन (18) पुत्र शोभाराम व गोलू (17) पुत्र राधे निवासी रसूलाबाद, कैसरगंज, बहराइच तथा रंजीत (16) पुत्र वचन निवासी मेड़ईपुरवा रेवांरी करनैलगंज एक ही बाइक से लौट रहे थे। तभी रेवांरी रोड पर लक्ष्मी देवी उदयराज गोस्वामी इंटर काॅलेज के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी करनैलगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने करन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गोलू व रंजीत का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
श्रावस्ती जिले के नवीन मॉडर्न थाना श्रावस्ती क्षेत्र अंतर्गत इटहना गांव की रहने वाली पूनम उर्फ मझिला (55) अपने बेटे अमित वर्मा (25) के साथ मंगलवार देर रात बाइक से कौड़िया थाना क्षेत्र के बनगाई गांव में शादी में जा रही थीं। भंगहा गांव के नहर पुल के पास खरगूपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने अमित की बाइक में टक्कर मार दी। इससे मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जबकि दुर्घटना के बाद बाइक सवार युवक भाग गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. श्वेता त्रिपाठी ने पूनम को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम के सीएचसी पहुंचने से पहले ही परिजन शव लेकर जा चुके थे।
इटियाथोक में मंगलवार रात ग्राम नएगांव पारासराय निवासी शेषराम यादव (40) सड़क पारकर घर के सामने पान की गुमटी पर गए थे। कुछ देर बाद घर लौटने के लिए सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़े मगर हादसा करने वाला चालक वाहन समेत भाग गया। घायल शेषराम को परिजन एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शेषराम के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सरोज ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत की सूचना थाने पर नहीं आई है।