बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय के बीएसएल-2 लैब से सोमवार की रात लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया है। लैब के पीछे के दरवाजे की जाली तोड़कर चोरों ने कंप्यूटर, मॉनीटर, लैपटॉप, प्रिंटर, सीपीयू व बैट्री आदि पार कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
लैब के कर्मचारी रामचरन ने कोतवाली बलरामपुर देहात में तहरीर दी है। जिसके माध्यम से कहा है कि मंगलवार सुबह लैब के पीछे के दरवाजे की जाली टूटी मिली और तमाम सामान गायब थे। सैंपल कलेक्शन रूम से एक मॉनीटर, एक माउस, एक कीबोर्ड, एक प्रिंटर और एक सीपीयू गायब मिला। आरटीपीसीआर रूम से एक डेस्कटॉप, एक यूपीएस, दो माउस, एक लैपटॉप और एक कीबोर्ड चोरी किया गया है। डॉक्टर रूम से दो बैट्री, एक इन्वर्टर, मॉनीटर व एक डीबीआर गायब था। वहीं, स्टोर रूम से भी दो बैट्री व एक इन्वर्टर चोरी किया गया है। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज ने बताया कि लैब कर्मी की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।