नगर चौपाल में फरियादियों को सुनने के लिए शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे डीएम नेहा शर्मा कटरा बाजार ब्लॉक परिसर और लगभग छह बजे नगर पंचायत खरगूपुर पहुंचीं। जहां पहले से आमजनों के राशन कार्ड, आवास, आधार संशोधन, पेंशन, आवास व स्वास्थ्य विभाग जैसे अलग-अलग विभागों के कैंप लगाए गए थे। डीएम ने स्टॉलों का निरीक्षण कर जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान अतिक्रमण, गंदगी, बिजली आपूर्ति, आवास, नाला-नाली, सड़क निर्माण के लिए मांगें उठाई गईं। डीएम ने सख्त लहजे में अधिकारियों से कहा कि नगर चौपाल में आईं सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। अगर दोबारा ये शिकायतें आईं तो संबंधित अधिकारी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा- कटरा बाजार नगर पंचायत के सीमा विस्तार में जोड़ी गईं ग्राम पंचायतों को जल्द शहरी सुविधाएं मिलेंगी। डीएम ने खरगूपुर नगर पंचायत में गांधी चौराहे के पास नाले की सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं एक हफ्ते में दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
नगर चौपाल में अधिकारियों ने कहा कि अल्प विकसित क्षेत्रों के विकास के लिए सवा दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 23 लाख रुपये खरीदारी की अनुमति दी गई है। डीएम ने 44 हैंडपंप रिबोर व 51 दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं स्थानीय लोगों से भी साफ-सफाई में सहयोग की अपील की है।
डीएम की चौपाल की सूचना पर ग्रामीण भी फरियाद लेकर पहुंचे। भंगहा निवासी राजेंद्र ने ट्राला चोरी के बाद कार्रवाई न होने की शिकायत की। भगवानदीनपुरवा के सहदेव ने नाले के पानी से फसलों को नुकसान होने की बात कही। राजकुमार भारती ने मानदेय न मिलने की शिकायत की। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष ममता रस्तोगी ने परिवार रजिस्टर की नकल के लिए गोंडा तक दौड़भाग से बचने के लिए डीएम से गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि नगर में परिवार रजिस्टर नकल बनने की व्यवस्था दी जाए।