गोंडा। नवाबगंज क्षेत्र के महंगूपुर गांव में भेड़िया दिखने से लोग दहशत में हैं। महंगूपुर व लौवावीर गांव की सरहद पर रहने वाले लौटन ने बताया कि शुक्रवार भोर चार बजे उनकी बकरी चिल्लाने लगी। वह चारपाई से उठे तो देखा कि लंबी पूछ वाला जानवर बकरी के बच्चे को लेकर भाग रहा है। बच्चे को बचाने के लिए बकरी भी उसके पीछे दौड़ी जा रही थी। जब तक वे लाठी उठाने लगे तब तक बच्चे को लेकर भेड़िया भाग गया। खोजने पर बकरी मिली। भेड़िये ने उसे भी पंजा मारकर जख्मी कर दिया था। वहीं, गेहूं का खेत देखने गए गांव के ही भगवान दास ने खेत में भेड़िये को बैठे देखा। डर वश वह वहां से भाग आए और लोगों को बताया। गांव में भेड़िये के आने से लोग दहशत में हैं। वन दरोगा अरुण तिवारी ने बताया कि विभाग को इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। शिकायत पर रेस्क्यू किया जाएगा।