सोमवार को पूर्व सांसद ने किया था उद्घाटन, मंगलवार को नवजात की हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल के खिलाफ कार्रवाई करने से जिम्मेदार कतरा रहे हैं। बालपुर में संचालित अवैध हॉस्पिटल पर बुधवार देर शाम तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। वहीं हॉस्पिटल पंजीकरण पटल प्रभारी व एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा का कहना है कि वैभव हॉस्पिटल का हमारे यहां पंजीकरण नहीं है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को बालपुर पुलिस चौकी के सामने वैभव हॉस्पिटल का उद्धाटन कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया था। बिना पंजीकरण कराए ही हॉस्पिटल की शुरूआत कर दी गई। मंगलवार को ऑपरेशन के दौरान हॉस्पिटल में नवजात की मौत हो गई। कटरा बाजार के चरेरा निवासी नीरज तिवारी ने तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई हिमांशु तिवारी की पत्नी सुभाषनी देवी (24) के सिजेरियन के दौरान नवजात की मौत हो गई। आरोप था कि ऑपरेशन के बाद डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी प्रसूता को तड़पता छोड़कर भाग निकले। अवैध हॉस्पिटल संचालन की घटना की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार कार्रवाई करने को आगे नहीं आ रहे हैं। हलधरमऊ सीएचसी अधीक्षक संत प्रताप वर्मा ने ये कहकर हाथ खड़े कर दिए कि कार्रवाई जिले स्तर के अधिकारियों को करना है।