गोंडा। सिविल लाइंस क्षेत्र के कुसुमा हाॅस्पिटल की डॉ. वीना सक्सेना को फोन पर धमकाकर रंगदारी वसूलने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार रात कानपुर से गिरफ्तार किया है।
नगर कोतवाली के मिश्रौलिया चौकी प्रभारी प्रतीक पांडेय ने बताया कि 23 जुलाई को कुसुमा हाॅस्पिटल के निदेशक अजय कुमार शुक्ल ने तहरीर दी थी। जिसमें कहा कि हाॅस्पिटल में कार्यरत डाॅ. वीना सक्सेना के मोबाइल पर 23 जुलाई को एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उनसे 50 हजार रुपये रंगदारी मांगी थी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। धमकी के डर से डाॅ. वीना सक्सेना ने छह हजार रुपये आरोपी द्वारा बताए नंबर पर ट्रांसफर कर दिए थे। बताया कि मामले में केस दर्ज कर सर्विलांस की मदद से आरोपी का नाम व पता तलाश लिया गया।
चाैकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी सुमंत कुमार मिश्र निवासी किदवई नगर कानपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को उसे रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।