गोंडा। परसपुर में विद्युत पोल पर चढ़ा श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया। उसके भाई ने थाने में जेई के खिलाफ तहरीर दी है।
कटराबाजार के ग्राम बदलपुरवा बनगांव निवासी देवप्रकाश तिवारी ने परसपुर पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसका छोटा भाई राहुल तिवारी विद्युत सब स्टेशन परसपुर में एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अंतर्गत संविदा श्रमिक के रूप में कार्य करता है। आरोप लगाया कि अवर अभियंता उसके छोटे भाई पर नौकरी से हटाने का भय दिखाकर शुक्रवार की देर शाम बिना सुरक्षा उपकरण के ही विद्युत पोल पर चढ़ा दिया। उसी समय दुर्घटना हो गई। जिससे वह झुलस गया। रात में लोग उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गए। भाई ने जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। इंस्पेक्टर रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उपखंड अधिकारी परसपुर अमित कुमार मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया गलती सब स्टेशन के एसएसओ की प्रतीत हो रही है। श्रमिक का कहना है उसने शटडाउन ले रखा था। वहीं अवर अभियंता करुणेश मिश्रा ने कहा कि लगाए गए आरोप निराधार हैं। संबंधित दोषी ऑपरेटर जिनसे श्रमिक ने शटडाउन लिया था। उसे निकालने के लिए एक्सईएन व एसडीओ को पत्र लिखा गया है।