परसपुर (गोंडा)। दीनपुरवा पूरे लाली निवासी दिनेश सिंह (42) का शव सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने छानबीन कर पत्नी व परिजनों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी मंजू ने बताया कि रविवार रात पति दिनेश सिंह खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए थे। वह दूसरे कमरे में थीं। सोमवार सुबह सोकर उठीं तो कमरे में साड़ी से फंदे पर पति का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर शरदेंदु पांडेय ने दिनेश की पत्नी व बुजुर्ग मां से पूछताछ की। हालांकि खुदकुशी का कोई कारण नहीं पता चल सका। दिनेश खेती कर परिवार का गुजारा करते थे। उनकी मौत से पत्नी मंजू व मां शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश के पुत्री जूली, रोली, पुत्र दीपांशु, प्रियांशु व सुधांशु हैं। दिल्ली में रह रहे बेटे दीपांशु को सूचना दी गई है। अन्य पुत्र व पुत्रियां पानीपत में अपनी मौसी के घर गई हैं। (संवाद)