गोंडा। जिले के सहायता प्राप्त पूर्व व उत्तर मध्यमा संस्कृत विद्यालयों में सहायक शिक्षकों के रिक्त पद भरने के लिए मेरिट लिस्ट के आधार पर सोमवार सुबह दस बजे से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में साक्षात्कार शुरू होगा। इससे 200 से अधिक रिक्त पदों को भरा जाना है।
विज्ञापन
जिले में कुल 19 सहायता प्राप्त पूर्व व उत्तर मध्यमा विद्यालय हैं।
इसमें करीब तीन हजार छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। इन विद्यालयों में अलग-अलग विषयों के दो सौ सहायक अध्यापकों के पद खाली हैं। इन पदों को भरने के लिए काॅलेज स्तर पर आवेदन लिए गए थे। जिसकी मेरिट लिस्ट जारी करने के बाद सोमवार से साक्षात्कार शुरू होगा। इसके लिए डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक समेत छह सदस्यीय टीम नामित की है। रिक्त पदों पर मानदेय के आधार पर सहायक अध्यापकों को रखा जाएगा। इनका कार्यकाल दो वर्ष होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि 200 से अधिक सहायक अध्यापकों के चयन के लिए 11 और 12 सितंबर को साक्षात्कार लिया जाएगा। वहीं, 2021 में नियुक्त किए गए शिक्षकों का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है।