गोंडा। महाविद्यालय संघ के शिक्षक 22 अगस्त को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। साथ ही डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के गेट पर 20 महाविद्यालयों के शिक्षक सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। साथ ही राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन कुलपति को सौपेंगे। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री से वार्ता की तिथि बदल कर 23 अगस्त कर दी गई है।
डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री प्रो. जितेंद्र सिंह ने कहा कि निजी कॉलेजों को फायदा देने के लिए सरकारी व अनुदानित कॉलेजों में बायोमीट्रिक उपस्थिति की अनिवार्यता के साथ पुरानी पेंशन बहाली और नई शिक्षा नीति की विसंगतियों को दूर नहीं किया जा रहा है। जिसको लेकर शिक्षकों में काफी आक्रोश है।
22 अगस्त को 20 महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में शिक्षक संघ पदाधिकारी व शिक्षक विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। मुख्य गेट पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन दिया जाएगा। शिक्षक संघ राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कुलपति को सौंपेंगे। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के साथ होने वाली बैठक टाल दी गई है। अब यह 23 अगस्त को हाेगी। ऐसे में 22 अगस्त को शिक्षक सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध करेंगे। पिछले कई दिनों से शिक्षक हाथ में काली पट्टी बांधकर महाविद्यालय में शैक्षणिक कार्य कर रहे हैं।
25 सूत्री मांग रखेंगे
एलबीएसपीजी कॉलेज शिक्षक संघ अध्यक्ष शैलेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि प्रादेशिक संगठनों के आह्वान पर 50 से अधिक शिक्षक सामूहिक अवकाश पर रहने का एलान कर चुके हैं। 25 सूत्री मांगों में सृजित पदों के स्थायीकरण समेत शिक्षकों व छात्रों के अहम मुद्दे शामिल किए गए हैं।