गोंडा। बेलसर ब्लाॅक के कंपोजिट विद्यालय बड़नापुर में तैनात सहायक अध्यापक अरुण कुमार ने शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म किया। बाद में युवती ने शादी करने को कहा तो अरुण पांच लाख रुपये दहेज मांगने लगा। इस पर युवती ने अंबेडकरनगर के सम्मनपुर थाने में अरुण के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने अरुण को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार शाम इसकी जानकारी होने पर बीएसए प्रेमचंद यादव ने अरुण को निलंबित कर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय आरके सिंह को जांच सौंपी गई है।
अंबेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र के कटयागंजन गांव का रहने वाला अरुण कुमार जिले में बेलसर ब्लाक के कंपोजिट स्कूल बड़नापुर में सहायक अध्यापक पद पर तैनात है। अरुण की शादी अंबेडकरनगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से तय हुई थी। पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि शादी तय होने के बाद उसकी अरुण से बातचीत होने लगी। इसी दौरान अरुण ने युवती के भरोसे का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी के लिए कहा तो आरोपी के तेवर बदल गए। उसने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग रख दी। उसके परिजनों ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। परेशान होकर उसने एसपी से गुहार लगाई। इस पर एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए तो सम्मनपुर पुलिस ने दुष्कर्म व दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी शिक्षक अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, दुष्कर्म के मामले में शिक्षक अरुण कुमार के जेल जाने की सूचना मिलने पर बीएसए प्रेमचचंद्र यादव ने उसे निलंबित कर दिया है।