गोंडा। लखनऊ के मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने पर जिले के निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्यनारायण तिवारी का जगह-जगह स्वागत हुआ।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जिले में वापस लौटने पर करनैलगंज में कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया।
शहर के रामलीला मैदान स्थित रामेश्वर शिवधाम मंदिर पर जिला कार्यसमिति सदस्य धीरेंद्र प्रताप पांडेय की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इसमें सूर्यनारायण तिवारी के अलावा गोंडा लोकसभा क्षेत्र के संयोजक डॉ. रंजन शर्मा और कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के संयोजक व पूर्व जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी का का स्वागत किया गया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें संगठन की ओर से जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसका निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए मोहनलालगंज सीट भाजपा को जिताने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर नीरज मौर्य, अनुपम प्रकाश मिश्र, अनिल सिंह, पंकज दुबे, अनिल पांडेय, कौशल उपाध्याय, मंटू गुप्ता, रामगोपाल मौर्य, सचिन आदि रहे।