गोंडा। बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया। बीएसए प्रेमचंद यादव ने बताया कि गर्मी के चलते परिषदीय विद्यालय शनिवार से ही बंद कर दिए गए हैं। सोमवार को जिले में लोकसभा चुनाव के चलते डीएम की ओर से सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जा चुका है। परिषदीय विद्यालयों में 20 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश पूर्व निर्धारित है। 16 जून को रविवार व 17 को बकरीद की छुट्टी रहेगी। ऐसे में अब 18 जून को विद्यालय खुलेंगे। इस तरह ग्रीष्मकालीन अवकाश निर्धारित समय से दो दिन पहले शुरू होने के साथ ही दो दिन अतिरिक्त स्कूल बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में 20 मई से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है। एक जुलाई को विद्यालय खुलेंगे। गर्मी की छुट्टी के दौरान बच्चे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई भी करेंगे।