नवाबगंज (गोंडा)। मंडलीय प्रतिभा खोज परीक्षा के मेधावियों को रविवार को आयोजित समारोह में कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। तीन वर्गों में हुई इस परीक्षा में जिलास्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले 24 छात्र-छात्राओं को मोटरसाइकिल तथा स्कूटी प्रदान की गई। दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने वालों को नकद पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा करीब चार सौ छात्रों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
परीक्षा इस बार पांच मंडलों के बाइस जिलों में कराई गई थी। जिसमें करीब 68 हजार परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया था। जिले स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को मोटरसाइकिल, द्वितीय स्थान पाने वाले छात्रों को 21 हजार रुपये, तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को ग्यारह हजार रुपये दिए गए।
तहसील स्तर पर पहले स्थान पाने वाले छात्रों को ग्यारह, दूसरे स्थान पर नौ हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले छात्रों को सात हजार दिए गए। जिला मेरिट सीनियर, जूनियर तथा मिडिल वर्ग में आयोजित परीक्षा में पहला स्थान पाने वाले गोंडा के आजाद तिवारी, आकाश यादव, शाश्वत पांडेय, बहराइच की काजल मिश्रा, राधा यादव, निशा पाठक, अनुपम, अरुण कुमार, शिवम मिश्रा, विश्वजीत वर्मा, अनिस्था सिंह, श्रावस्ती के अधिकांश सिंह, कुशल त्रिपाठी, सुरेश कुमार, रमन शुक्ला, गोरखपुर के शौर्य कुमार गुप्ता, वंशमराज सिंह, अंशिका पांडेय, बलरामपुर के नैमिश सोनी, अभय पांडेय, अयोध्या के अभिनव पांडेय, अमिताभ मिश्रा, नवीन पांडेय को मोटरसाइकिल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे।
इस मौके पर पूर्व सांसद विनय कटियार, पूर्व विधायक गोरखनाथ, विधायक अजय कुमार सिंह, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, करन भूषण सिंह, बलरामपुर विधायक पल्टूराम, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू, विधायक बावन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा मौजूद रहे।
धूमधाम से मनाया बृजभूषण का जन्मदिन
नवाबगंज (गोंडा)। कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह का जन्मदिन धूमधाम के साथ मनाया गया। बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। रविवार की सुबह सांसद के जन्मदिन के अवसर पर उनके पैतृक आवास विश्वनोहरपुर में लोगों ने पहुंच कर बधाई दी। सांसद ने क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी में केक काट कर अपना जन्मदिन मनाया।
पूर्व मंत्री व विधायक रमापति शास्त्री, तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय ने पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। उसके बाद नौ बजे सांसद का काफिला नंदिनी नगर महाविद्यालय के लिए निकला। रास्ते में लोगों ने उनका स्वागत किया। सांसद ने गुरुद्वारा पहुंच कर मत्था टेका। कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह सांसद का काफिला रोक कर स्वागत किया। इस मौके पर गीत, संगीत तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक तुलसीदास राय चंदानी सहित अन्य शामिल रहे।