परसपुर (गोंडा)। ग्राम बद्दपुरवा गांव में हाईवोल्टेज आने से एक 16 वर्षीय छात्र की मृत्यु हो गई थी। घटना के करीब एक माह बीतने को है मगर अभी तक बिजली विभाग ने मृतक के परिजन को मुआवजा नहीं दिया है।
थाना क्षेत्र परसपुर के राजापुर के ग्राम बद्दूपुरवा गांव में आठ अक्तूबर की देर रात करीब नौ बजे हाई वोल्टेज करंट फैल गया था। परमानंद तिवारी के 16 वर्षीय पुत्र विनय तिवारी की करंट की चपेट में आने मौत हो गई थी। परमानंद तिवारी ने एसएसओ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
घटना को करीब एक महीना बीतने को हैं विद्युत विभाग की तरफ से मृतक के परिजनों को अभी तक मुआवजा तक नहीं मिल सका है। अवर अभियंता रामाजी का कहना है कि कार्रवाई चल रही है। थर्ड पार्टी की भी जांच होती है। जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। रिपोर्ट आते ही मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाएगा।