ददुआबाजार वाली गली में भरा पानी। -स्रोत: स्थानीय नागरिक
गोंडा। शहर में बृहस्पतिवार रात व शुक्रवार सुबह हुई बारिश ने एक बार फिर जलनिकासी के दावों की पोल खोल दी। मकार्थीगंज व साहबगंज की गलियों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मारवाड़ इंटर कॉलेज के पास जलभराव से लोगों को दिक्कत होती है। साहबगंज निवासी संतोष द्विवेदी का कहना है कि नाली संकरी है। इसके कारण मामूली सी बारिश में ही जलभराव हो जाता है। इसको लेकर कई बार अधिकारियों से भी कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मकार्थीगंज में कन्या बड़गांव स्कूल के चारों तरफ पानी भरने के कारण विद्यार्थियों को समस्या हुई। यही नहीं, अंदर गली में भी घुटनों तक पानी भरा रहा। राहगीर पंकज, रामकुमार व सुमित ने बताया कि यहां लंबे समय से जलभराव की समस्या है। मामूली बारिश में ही घुटनों तक पानी भर जाता है, इसके बाद भी समस्या के समाधान को लेकर प्रयास नहीं किया जा रहा है। श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे काॅलोनी बड़गांव के परिसर में भी बारिश से जलभराव के कारण लोगों को समस्या हुई।
नगर पालिका परिषद के सफाई निरीक्षक सारिफ काजी का कहना है कि जहां से भी जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया जा रहा है।