बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गईं हैं। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इन्हें शुरू होने के एक घंटा पूर्व परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए कहा गया है। परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्रश्नपत्रों को डबल लॉक से निकाला जाएगा। बोर्ड ने प्रश्नपत्रों की पहली खेप उपलब्ध करा दी है। प्रवेश पत्रों का भी वितरण शुरू कर दिया गया है।
16 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 67 केंद्र बनाए गए हैं। यहां पर 34 हजार बच्चे परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए प्रशासन ने हर केंद्र पर त्रिस्तरीय निगरानी की व्यवस्था की है। केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक व प्रत्येक पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट को भी लगाया गया है। तीन जोनल, नौ सेक्टर व पांच उड़ाका दल का गठन किया गया है।
डीआईओस गोविंद राम ने बताया कि बोर्ड से प्रश्नपत्र आ गए हैं। इन्हें एमपीपी इंटर कॉलेज के कोठार में रखवाया गया है। यहां पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं। 12 फरवरी को प्रश्नपत्रों को केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए सात अलग-अलग रूट बनाए गए हैं। एडीएम प्रदीप कुमार ने निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
सेक्टर मजिस्ट्रेटों की यह होगी जिम्मेदारी
परीक्षा से पूर्व आवंटित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक करेंगे। परीक्षा अवधि में प्रत्येक दिन दोनों पालियों में नियमित अंतराल पर केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करेंगे। सीसीटीवी कैमरे व वॉयस रिकॉर्डर की प्रतिदिन जांच करेंगे।