गोंडा। पुरानी पेंशन की बहाली समेत कई मांगों को लेकर अरसे से आवाज उठा रहे राज्य कर्मचारियों ने आंदोलन का रुख अख्तियार किया है। 26 सितंबर को रैली निकालकर कर्मचारी जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को मांगपत्र भेजेंगे।
यूपी फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विस एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सूर्य किशोर शर्मा व मंत्री अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि काफी समय से मांगें लंबित हैं। मुख्य सचिव के आदेश के बावजूद स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से कर्मचारी संगठनों के साथ नियमित वार्ता नहीं की जा रही है। समान कार्य समान वेतन देने, नियमित पदों व कार्यों के सापेक्ष नियमित नियुक्ति करने, श्रमिक कोड बिल, आठवां वेतन आयोग गठित किए जाने आदि मांगों को लेकर 26 सितंबर को भोजनावकाश के समय कृषि विभाग परिसर में रैली निकाली जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर में सभा करके जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि लगातार कर्मचारियों से संपर्क किया जा रहा है। एकजुट होकर कर्मचारी अपने हक के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।