गोंडा। रेलवे प्रशासन ने दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की सहूलियत के लिए दरभंगा-यशवंतपुर-दरभंगा पूजा स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दरभंगा से 20 अक्तूबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को तथा यशवंतपुर से 23 अक्तूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को पांच फेरों में चलाई जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन सोमवार को दरभंगा से 15:35 बजे प्रस्थान कर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए 04:15 गोंडा पहुंचेगी। यहां से छूटने के बाद 02:30 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन बृहस्पतिवार को यशवंतपुर से 14:15 बजे प्रस्थान कर कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग होते हुए 13:40 बजे गोंडा पहुंचेगी। यहां से रवाना होने के बाद गोरखपुर, समस्तीपुर होते हुए 04:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। (संवाद)