गोंडा। सिविल लाइंस क्षेत्र में डाकखाना चौराहा मोड़ के पास सौनौली मोहम्मदपुर गांव के पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे ने स्कूटी हटाने को लेकर सिपाही से बदजुबानी की। विरोध करने पर असलहा लहराते हुए सिपाही को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में सिपाही ने नगर कोतवाली में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने पूर्व प्रधान के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी कार्यालय की मीडिया सेल में तैनात सिपाही वैभव सिंह ने बताया कि 29 जून की रात वह सब्जी खरीदने के लिए स्कूटी से सिविल लाइंस क्षेत्र के डाकखाना चौराहे पर गया था। तभी उसे सिपाही रीतेश सचान मिल गया। वैभव सड़क किनारे स्कूटी खड़ी करके रीतेश से बात करने लगा। इसी बीच कार से आए दो युवक स्कूटी हटाने को लेकर उससे विवाद करने लगे। जबकि पूरी सड़क खाली थी।
वैभव के मुताबिक जब उसने दोनों को बताया कि वह पुलिस कांस्टेबल है तो दोनों आगबबूला होकर अभद्रता करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर असलहा लहराते हुए बोले- दस हजार रुपये की नौकरी करने वाले..... हो। मुझे नहीं जानते मेरा नाम रानू सिंह है, सौनौली ग्राम प्रधान का बेटा हूं, जान से मार दूंगा मेरा कुछ नहीं कर पाओगे। वैभव ने बताया कि उसने सिविल लाइंस चौकी प्रभारी को फोन कर पूरी बात बताई तो दोनों और भड़क गए और बोले- मेरे एक फोन कॉल से वह अभी दौड़ता हुआ आएगा। आरोप है कि दोनों ने धमकी दी कि जिले में नौकरी नहीं कर पाओगे।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी रानू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में विवेचना कर कार्रवाई की जाएगी।