गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में गोंडा-लखनऊ फोरलेन हाईवे पर हारीपुर गांव के पास सोमवार देर शाम ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटने से उस पर सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक हादसे में शहर के राधाकुंड मोहल्ला निवासी सत्यप्रकाश उनकी पत्नी पिंकी, बेटी श्रेया, बेटा गोलू, भाई के बेटे उज्ज्वल व अंश घायल हुए हैं। इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये लोग ई-रिक्शा से करनैलगंज में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे।
वहीं, करनैलगंज में सोमवार को बहराइच के भगड़वा निवासी रामफेरे (60) बाइक से जरवल जा रहे थे। तभी सकरौरा चौराहे के पास तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आकर वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। रामफेरे को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।