गोंडा। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा शुल्क अधिक होने के विरोध में सोमवार को एलबीएस महाविद्यालय के गेट पर छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसमें सैकड़ों छात्रों ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। छात्र नेता धीरेंद्र प्रताप मिश्र ने कहा कि प्रथम सेमेस्टर से ही छात्र अधिक परीक्षा शुल्क का विरोध कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी शुल्क में कमी नहीं की गई तो छात्र उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री के निर्देशानुसार परीक्षा शुल्क शासनादेश के अनुसार ही लिया जाना चाहिए। (संवाद)