गोंडा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर-कैथोला मार्ग के मोड़ पर निर्माणाधीन दुकान की छत का स्लैब मंगलवार को ढाला जा रहा था। काम पूरा होने ही वाला था कि अचानक स्लैब ढह गया। इससे चार मजदूर मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तीन मजदूरों को तो बचा लिया। मगर एक मजदूर की मलबे में दबने से मौत हो गई। जख्मी तीन मजदूरों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से एक मजदूर को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। अन्य दो मजदूरों का इलाज चल रहा है।
करनैलगंज क्षेत्र में बालपुर कस्बे के रहने वाले घनश्याम गुप्ता कैथोला मोड़ पर स्थित अपनी भूमि पर दुकान का निर्माण करा रहे हैं। मंगलवार को दुकान की छत का स्लैब ढाला जा रहा था। राजगीर व मजदूर स्लैब ढालने में जुटे थे। काम लगभग पूरा ही होने वाला था कि तभी अचानक स्लैब भरभराकर ढह गई। इससे मजदूर बलवीर (20) निवासी हरदीटांड़ गांव, थाना परसपुर की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसी के गांव के रहने वाले मजदूर अमरजीत (25) व कोतवाली देहात क्षेत्र के लक्ष्मनपुर जाट गांव निवासी शिवकुमार (40) व धर्मराज (38) घायल हो गए। तीनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां से धर्मराज को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे की सूचना पर एएसपी शिवराज, एसडीएम करनैलगंज विशाल कुमार, सीओ करनैलगंज चंद्रपाल शर्मा व कोतवाल करनैलगंज चितवन कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि एक मजदूर की मौत हुई है और तीन घायल हुए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।