फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: करनैलगंज विधायक को झटका, कूरी में ही बनेगा जीआईसी

Tue, 30 May 2023 11:09 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। करनैलगंज के कूरी गांव में प्रस्तावित राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण के मामले में भाजपा विधायक अजय सिंह का दखल काम नहीं आया। उन्होंने कूरी के बजाय पाल्हापुर में इंटर कॉलेज के निर्माण का प्रस्ताव दिया था। विवाद बढ़ने पर जिले से रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शासन ने कूरी में ही कॉलेज निर्माण की स्वीकृति दी है। अब इंटर कॉलेज वहीं पर बनेगा।
विज्ञापन

6.41 करोड़ रुपये के स्वीकृत बजट से इस कॉलेज के प्रस्तावित निर्माण के लिए पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया ने कूरी में एक एकड़ जमीन दान दी थी। विधानसभा चुनाव होने से निर्माण रुक गया था। चुनाव बाद भाजपा के वर्तमान विधायक अजय सिंह ने कॉलेज का निर्माण स्थल बदलने के लिए पाल्हापुर में जमीन की व्यवस्था कर निर्माण कार्य को सियासी दांवपेंच में फंसा दिया था। इसके बाद प्रकरण की जांच हुई और रिपोर्ट में यह तथ्य आया कि पाल्हापुर उचित स्थल नहीं है। पाल्हापुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में भी आता है। वहीं, साल 2018 में करनैलगंज में एक राजकीय इंटर कॉलेज बनवाने की स्वीकृति हुई थी लेकिन वर्ष 2021 में तत्कालीन विधायक ने कूरी गांव में अपने खाते की एक एकड़ भूमि काॅलेज बनवाने के लिए दान की थी, तब निर्माण तय हुआ और 31 मार्च 2022 में निर्माण के लिए 6.41 करोड़ की बजट स्वीकृति हुआ। राजकीय निर्माण निगम ने कॉलेज का निर्माण कराने के लिए समतलीकरण इत्यादि पर आठ लाख रुपये भी खर्च कर दिए हैं। इसके बाद विधायक की ओर से किए गए प्रयास को सफलता नहीं मिल सकी।
करनैलगंज विधायक की मांग पर डीआईओएस राकेश कुमार और एसडीएम करनैलगंज की टीम ने स्थलीय निरीक्षण के बाद तैयार रिपोर्ट में भी कूरी गांव की जमीन को ही विद्यालय निर्माण के लिए सही माना है। तत्कालीन सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने भी शासन को रिपोर्ट भेजी है कि दान की भूमि वापस नहीं हो सकती। ऐसे में विद्यालय का निर्माण कार्य कूरी गांव में ही कराना उचित होगा। इस पर विधायक ने आपत्ति जताते हुए शासन से भी हस्तक्षेप की मांग की है। डीएम ने विद्यालय निर्माण के लिए दोनों स्थानों पर उपलब्ध जमीन की उपयोगिता रिपोर्ट भी माध्यमिक शिक्षा विभाग को भेजी थी। जिसके आधार पर शासन ने कूरी गांव में ही निर्माण कराने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन

साल 2018 से जिले में तीन राजकीय इंटर कॉलेजों के निर्माण की कवायद शुरू हुई। इसकी स्वीकृति 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले हो गई थी। तरबगंज के करनीपुर तथा मनकापुर तहसील के घारीघाट में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण पूरा हो गया। यही नहीं इस सत्र से इन दोनों कॉलेजों का संचालन भी शुरू हो गया। जबकि करनैलगंज के कूरी में कॉलेज का निर्माण अटका रहा। अब निर्माण शुरू होने पर छह माह से अधिक का समय लगना तय है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि करनैलगंज के राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण कूरी में कराने की स्वीकृति मिली है। जल्द ही कार्यदाई संस्था निर्माण कार्य शुरू करेगी। अन्य दो इंटर कॉलेजों का संचालन किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें