गोंडा। परिषदीय स्कूलों और बेसिक शिक्षा से मान्यता प्राप्त स्कूलों में गर्मी को देखते हुए अवकाश का विस्तार हुआ है। अभी तक ये छुट्टियां 15 जून तक थीं और 16 से स्कूल खोले जाने थे। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने बुधवार देर शाम छुट्टियों को 26 जून तक करने का आदेश दिया है, अब स्कूल 27 को खुलेंगे। गर्मी की तपिश से लोग बेहाल हैं, बड़ी संख्या में लोग बीमार भी हैं। इसमें बच्चे भी शामिल हैं। जिला अस्पताल में हर दिन तीन सौ से चार सौ लोग गर्मी से बीमार होकर पहुंच रहे हैं। बच्चों की समस्या को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने गर्मी की छुट्टियों को फिलहाल बढ़ा दिया है। इसके साथ ही 21 जून को विश्व योग दिवस पर स्कूलों को खोलने और योग का कार्यक्रम करने का निर्देश दिया है। इसमें बच्चों को बुलाकर योग सिखाने के साथ ही गर्मी से बचाव के तरीके भी बताने हैं।
गर्मी की छुट्टियों में ही होने हैं तबादले
गर्मी की छुट्टियों में परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के अंतरजनपदीय तबादले भी होने हैं। छुट्टियां बढ़ने से प्रक्रिया के पूरे होने की उम्मीद जताई जा रही है। अभी तक समय कम होने से उम्मीद थी कि शायद तबादले की प्रक्रिया आवेदन के बाद थम जाए और शीतकालीन अवकाश के समय हो। अब छुट्टियां बढ़ने से इसके पूरे होने की आस भी बढ़ गई है।
27 को खुलेंगे स्कूल
- विभाग के निर्देश पर स्कूलों को 27 जून को खोलने की कार्रवाई की जानी है। फिलहाल योग दिवस की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
- अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए