बलरामपुर। बीएसए कल्पना देवी ने बीते दिन कई परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में खामियां मिलने पर दो प्रधानाध्यापक व बिना सूचना के गायब रहने पर एक सहायक अध्यापक का वेतन रोका गया है। उन्होंने तीनों से स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्राथमिक विद्यालय कटिया के निरीक्षण के दौरान एमडीएम की गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने पर प्रधानाध्यापक से जवाब तलब किया है। कंपोजिट विद्यालय मिश्रौलिया में निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक भूमिका अनुपस्थित मिलीं। एमडीएम में दाल की गुणवत्ता मानक के विपरीत पाई गई। बीएसए ने दाल की गुणवत्ता सही न मिलने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक का वेतन रोक दिया है। कंपोजिट विद्यालय महेशभारी के निरीक्षण में विद्यालय का शैक्षिक स्तर खराब मिलने पर प्रधानाध्यापक का वेतन रोक दिया गया है।