फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: साधु-संत बोले- जरूरत पड़ी तो बृजभूषण के समर्थन में करेंगे प्रदर्शन

Sat, 29 Apr 2023 11:39 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
गोंडा के नंदिनीनगर में सांसद को माला पहनाते संत। - संवाद
विज्ञापन
गोंडा। महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों से घिरे भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में अयोध्या के संतों के साथ ही प्रशिक्षु पहलवान भी आ गए हैं। संतों ने शनिवार को नंदिनीनगर पहुंचकर आशीर्वाद दिया और पहलवानों ने सांसद के पक्ष में जयकारे लगाए। भरोसा जताते हुए कहा कि वह उनके अभिभावक हैं।
विज्ञापन

सांसद बृजभूषण शरण सिंह शनिवार सुबह अपने आवास पर समर्थकों के बीच रहे। शाम चार बजे नंदिनीनगर महाविद्यालय पहुंचे, जहां अयोध्या से आए लगभग दर्जनभर साधु-संतों और महंतों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अयोध्या की हनुमान गढ़ी के महंत बलराम दास ने कहा कि सांसद पर सोची समझी रणनीति के तहत झूठा आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों ने भगवान राम तथा माता सीता को भी नहीं छोड़ा था। धरना-प्रदर्शन कोई इलाज नहीं है, जांच से सत्य सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा धरने में राजनीतिक लोगों को बुलाना यह साबित करता है कि ये आरोप राजनीति से प्रेरित है। कहा कि जरूरत पड़ी तो देश के साधु-संत अयोध्या के संतों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
सांसद के महाविद्यालय पहुंचने पर महिला व पुरुष पहलवानों ने उनके समर्थन में नारे लगाए। इस मौके पर अयोध्या जगतगुरु राम दिनेशाचार्य, महामंडलेश्वर जनार्दन दास, महंत संजय दास, महंत गिरीश दास, मनीष दास, अनिल दास, महंत बृजमोहन दास, शरद दास, हेमंत दास ने भी सांसद के समर्थन का एलान किया।
विज्ञापन

कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में भाजपा के तीन विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष भी आ गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि सांसद को जिले की माताएं और बहनें अपना अभिभावक मानती हैं। वह लंबे समय से सभी के सम्मान के लिए संघर्ष करते आ रहे हैं। प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। यह सब एक साजिश है और इससे जिले की जनता दुखी है। हम लोग चुप नहीं बैठेंगे।
करनैलगंज विधायक अजय सिंह ने कहा कि सांसद 40 साल से जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने हमेशा सभी का साथ दिया है। उन्होंने जो मुकाम हासिल किया, वह युवाओं के लिए प्रेरक है। सोची समझी साजिश के तहत उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास हो रहा है। हम लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। सच की जीत होगी।
बलरामपुर के सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि सांसद का शानदार राजनीतिक जीवन रहा है। हर वर्ग के लोग पूरे देश में उनका सम्मान करते हैं। हिंदू या मुस्लिम, सभी उन्हें मानते हैं और सांसद सभी के लिए हमेशा खड़े रहते हैं। उनके खिलाफ जो षड्यंत्र रचा गया है वह ज्यादा समय टिक नहीं सकता।
कटरा बाजार विधायक बावन सिंह ने भी शनिवार को विश्नोहरपुर स्थित बृजभूषण शरण सिंह के पैतृक आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने सांसद को साथ देने का भरोसा दिया। कहा कि सांसद पर लगाए जा रहे आरोप झूठे व बेबुनियाद हैं। यह सोची समझी साजिश है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें