गोंडा। जेल रोड स्थित आरटीओ ऑफिस में सोमवार की सुबह सर्वर ठप होने से डीएल बनवाने से लेकर ऑन लाइन स्तर पर होने वाले अन्य काम काज अटक गए। इस दौरान 30 आवेदकों ने परमानेंट डीएल के लिए स्लॉट लिए थे, जिन्हें दोपहर बाद तक इंतजार के बाद वापस लौटना पड़ा। इसके अलावा नवीनीकरण कराने पहुंचे 80 आवेदकों को काम न होने से हताश होना पड़ा। आरटीओ कर्मियों का कहना है कि सर्वर की समस्या बीते छह माह से परेशानी बढ़ा रही है। एआरटीओ आरसी भारतीय का कहना है कि सर्वर अपग्रेडेशन का कार्य कराया जा रहा है। जल्दी काम काज सामान्य हो सकेगा।