गोंडा। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले कर्मचारियों ने शुक्रवार को क्षेत्रीय प्रबंधक देवीपाटन मंडल कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। विभिन्न मांगों को लेकर चालक और परिचालकों ने दोपहर 12 बजे से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद गोंडा शाखा के अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है। उन्होंने कहा कि डग्गामार वाहनों के संचालन पर तुरंत रोक लगाई जाए। धरना स्थल पर पहुंचे क्षेत्रीय प्रबंधक ने कर्मचारियों को मांगों के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन कर्मचारी नेता केवल मौखिक आश्वासन पर सहमत नहीं हुए। उन्होंने मांगों के निस्तारण की समय-सीमा के साथ लिखित आश्वासन देने की मांग रखी। (संवाद)