गोंडा। रोडवेज बस स्टेशन पर सवारी बैठाने को लेकर बुधवार को चालक और परिचालक आपस में भिड़ गए। दोनों में हुई तकरार कुछ ही पल में मारपीट में बदल गई। इस दौरान रोडवेज चौकी की पुलिस तमाशबीन बनी रही। रोडवेज डिपो प्रभारी के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। बृहस्पतिवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रोडवेज बस स्टेशन पर रोज की तरह बसों के चालक और परिचालक सवारियां बैठा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ जाने के लिए आए कुछ लोग एक बस में चढ़ रहे थे, तभी दूसरे बस का परिचालक उन्हें अपनी बस में बुलाने लगा। इसी बात पर दोनों बसों के चालक परिचालक आपस में भिड़ गए। पहले तकरार शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। रोडवेज पुलिस चौकी की पुलिस तमाशबीन बनी रही। बृहस्पतिवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रोडवेज के सहायक प्रबंधक आरएम पांडेय ने बताया कि सवारी के लिए चालक-परिचालक में मारपीट हो गई थी। दोनों में सुलह करा दी गई है। (संवाद)