गोंडा। होली पर परिवहन निगम ने आय बढ़ाने के साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की भी तैयारी की है। त्योहार पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने दिल्ली, कानपुर, लखनऊ व प्रयागराज समेत प्रमुख रूटों पर बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। शुक्रवार से सभी रूटों पर रोडवेज की बसों के पहले से तय फेरों को बढ़ाकर दूना कर दिया गया है।
परिवहन निगम ने होली के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए बसों के फेरे बढ़ाने के साथ ही शुक्रवार से 12 मार्च तक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में कंट्रोल रूम शुरू करने का फैसला किया है। यहां आठ-आठ घंटे की पाली के हिसाब से 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। संचालन के दौरान बसों के खराब होने पर चालक परिचालक कंट्रोल रूम को सूचना देकर मदद ले सकेंगे। यात्री भी यहां से संचालन संबंधी जानकारी हासिल कर सकेंंगे। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज डिपो पर पूछताछ केंद्र भी 24 घंटे खुलेगा। यहां भी तीन पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इनसेट
शर्तें पूरी करने पर कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
परिवहन निगम ने होली पर कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू की है। जिसे दो वर्गों में विभाजित किया गया है। शुक्रवार से इसे लागू कर दिया जाएगा। 12 मार्च तक चलने वाली इस योजना में निगम ने शर्तों के आधार पर प्रोत्साहन देने का प्लान तैयार किया है। इसमें नियमित चालकों एवं परिचालकों को दस दिनों में प्रतिदिन के हिसाब से 3000 किलोमीटर की दूरी तय करने पर 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दस दिनों में 4000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी तरह संविदा चालकों एवं परिचालकों को प्रतिदिन 300 किलोमीटर की दूरी तय करने पर 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से नौ दिनों में 3150 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
जबकि एकमुश्त योजना में डिपो व क्षेत्रीय कार्यशाला के कार्मिकों को नौ दिनों में 1000 तथा दस दिनों में 1200 रुपये प्रोत्साहन स्वरूप दिए जाएंगे। कार्यशाला के संविदा कर्मचारियों को नौ दिनों में 500 रुपये व दस दिनों में 600 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा निर्धारित 2700 एवं 3000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर संविदा चालकों एवं परिचालकों को 55 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
आज से दस दिनों तक रोडवेज कर्मियों के अवकाश पर रोक
परिवहन निगम ने होली के मद्देनजर यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैय्या कराने के इरादे से परिचालन से जुड़े कर्मचारियों के संग ही समस्त कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। होली में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना पर शुक्रवार से दस दिनों के लिए 12 मार्च तक विशेष परिस्थितियों को छोड़कर समस्त कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है।
-होली में यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज समेत समस्त रूट पर बसों के फेरों को बढ़ाया गया है। जिन रूटों पर बसें दो फेरा लगाती थीं, वहां बढ़ाकर इसे चार कर दिया गया है। आरएम कार्यालय में कंट्रोल स्थापित किया गया है। पूछताछ केंद्र व कंट्रोल रूम में तीन पालियों में चौबीस घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
- कपिलदेव सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम