फोटो-13-गोंडा के करनैलगंज में एल्गिन-चरसड़ी तटबंध पर छप्पर में रह रहे लोग। -संवाद
- फोटो : GONDA
करनैलगंज (गोंडा)। घाघरा (सरयू) नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर खतरे के निशान को पार कर पांच सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है और नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। सरयू नदी में पहाड़ी नालो एवं बैराजों के पानी से जलस्तर तेजी से बढ़ना शुरू हो गया। शनिवार को सुबह सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से तीन सेंटीमीटर नीचे था। दोपहर में खतरे के निशान के बराबर पहुंच गया और शाम को नदी का जलस्तर पांच सेंटीमीटर ऊपर जा पहुंचा। वहीं डिस्चार्ज में भी बढ़ोतरी हुई है।
शनिवार को तीन लाख 12 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज रहा। अनुमान है कि रविवार को बढ़ोतरी जारी रहेगी। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से बांध के आसपास के गांव के ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ रही है। गांव से उनका पलायन तेजी से शुरू हो गया है। लोग गांव को छोड़कर बांध पर सुरक्षित अपना आशियाना बनाकर रहने में सुरक्षा महसूस करने लगे हैं। माझा रायपुर गांव में पानी आने की संभावना तेजी से बढ़ गई है। यदि जलस्तर में बढ़ोतरी इसी तरीके से जारी रही तो माझा रायपुर गांव में जलभराव की स्थिति रविवार को पैदा हो जाएगी।
कई स्थानों पर रेनकट बने
बारिश की वजह से एल्गिन चरसडी बांध पर कई स्थानों पर रेनकट हो गए हैं। जिससे और अधिक बारिश होने पर बांध को खतरा उत्पन्न हो सकता है। संबंधित विभाग के अधिकारी उस रेनकट या बांध को देखने तक नहीं पहुंच रहे हैं, और बांध भी भगवान भरोसे चल रहा है। बाढ़ खंड के सहायक अभियंता अमरेश सिंह का कहना है कि शनिवार को सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है और डिस्चार्ज भी बड़ा है। फिलहाल बांध को किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। संवाद