गोंडा। शहर के जानकीनगर निवासी रिटायर्ड सैनिक प्रमोद कुमार शुक्ल के बेटे को थाने के हिस्ट्रीशीटर ने हत्या की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर लाल नायक शुक्ल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रमोद ने बताया कि परेड सरकार तुल्ला निवासी बब्बू शुक्ल से उनकी दोस्ती थी। बब्बू के सगे भाई लाल नायक शुक्ल ने दो साल पहले उनसे 35 हजार रुपये उधार लिए थे। रकम के तगादे से नाराज होकर लाल नायक ने 19 अप्रैल को फेसबुक व फोन पर गाली-गलौज करते हुए इकलौते बेटे को जान से मारने की धमकी दी। नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर लाल नायक शुक्ल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। छानबीन की जा रही है। (संवाद)