गोंडा। जिले में शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टॉमसन) समेत 13 केंद्रों पर सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल रोकने के लिए अभ्यर्थियों के बेल्ट, पर्स, कलावा और जेवर तक उतरवा दिए गए। केंद्रों पर सख्ती समेत अन्य कारणों के चलते जिले में तीसरे दिन रविवार को 2,541 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह से तीन दिन में आठ हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए हैं।
रविवार को दोनों पालियों में कुल 7,923 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। प्रत्येक पाली में 5,232 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। मगर पहली पाली में 1,303 और दूसरी पाली में 1,238 को मिलाकर कुल 2,541 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। जारी आंकड़ों के मुताबिक, तीन दिन में कुल 31,392 के सापेक्ष 23,171 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। 8,221 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। अधिकारियों ने बताया कि तीनों दिन नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराई गई है। रविवार को डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह और एसपी विनीत जायसवाल समेत अन्य अधिकारियों ने जीआईसी समेत अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि किसी भी संदिग्ध के पकड़े जाने की सूचना नहीं है। सुचारू रूप से सभी केंद्रों पर परीक्षा हुई है।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अपराजित श्रीवास्तव ने बताया कि बहराइच डिपो ने 7,301 बलरामपुर डिपो ने 5,069 और रुपईडीहा डिपो ने 888 अभ्यर्थियों को मुफ्त बस सेवा की सुविधा उपलब्ध कराई है। इस तरह पूरे मंडल में 26 लाख 68 हजार 389 की मुफ्त यात्रा कराई गई।
सिपाही भर्ती परीक्षा अब आगामी 30 और 31 अगस्त को आयोजित होगी। दो दिनों में सुबह 10 से 12 बजे और अपराह्न तीन से पांच बजे तक 13 केंद्रों पर 20,928 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक दिन 10,464 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना है।