गोंडा के रेलवे स्टेशन पर मिला सांप। संवाद
गोंडा। वन विभाग की टीम ने सोमवार को रेलवे यार्ड के पूर्वी छोर से दुर्लभ प्रजाति का एक सांप पकड़ा है। दो फीट लंबा ये सांप गंडाइच प्रजाति का है।
रेलवे सुरक्षा बल के एएसआई लाल साहब सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान रेलवे लाइन की स्लीपरों में एक विचित्र सांप दिखाई पड़ा। जिसकी सूचना प्रभागीय वनाधिकारी पंकज शुक्ल को दी गई। मौके पर पहुंचे वनकर्मी रघुनाथ पांडेय व कामता प्रसाद ने आरपीएफ जवानों की मदद से सांप को पकड़ लिया। वनकर्मियों ने बताया कि दो फुट का ये सांप दुर्लभ प्रजाति का है। वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत ये संरक्षित प्रजाति का सांप है।
वनकर्मी रघुनाथ पांडेय ने बताया कि ये गंडाइच प्रजाति का सांप बेहद जहरीला होता है। इस सांप के काटने पर थोड़ी ही देर में खून पानी में बदल जाता है। तत्काल इलाज न होने पर सर्पदंश के शिकार व्यक्ति की मौत हो सकती है।