गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने शनिवार की शाम को अचानक दो इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित करीब दो दर्जन ट्रेनों को निरस्त करने का फरमान जारी कर दिया। बताया गया कि मल्हौर से डालीगंज रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक के दोहरीकरण कार्य के चलते ट्रेनों को रविवार से तीन मार्च तक निरस्त कर दिया है। सहालग और होली पर्व के चलते यात्री अचानक हुए इस फैसले से हैरान हैं। रविवार को रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के न चलने के कारण तमाम यात्री मायूस बैठे रहे। पूर्वोत्तर रेलवे ने मल्हौर से डालीगंज के बीच ट्रैक के दोहरीकरण कार्य व इंटरलॉकिंग के कारण रविवार से 16 दिन के लिए करीब दो दर्जन ट्रेनें निरस्त कर दिया। जिसमे गोंडा होकर चलने वाली करीब एक दर्जन ट्रेनें भी रद्द हो गई हैं। इसमें शामिल गोरखपुर से वाया बस्ती होकर लखनऊ तथा गोरखपुर से वाया बलरामपुर होकर ऐशबाग के बीच चलने वाली इंटरसिटी ट्रेनों को रविवार से निरस्त किए जाने की सूचना पर दैनिक यात्री संघ ने रेल प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया है।
मंडल के करीब एक करोड़ लोगों को 16 दिन तक ट्रेनों का सफर करना बहुत मुश्किल हो गया है। दैनिक यात्री संघ के अध्यक्ष देवव्रत सक्सेना व मोहम्मद साबिर का कहना है कि रेलवे द्वारा अचानक लिया यह फैसला निंदनीय है।
-
ये ट्रेनें हुईं निरस्त
- मैलानी से गोरखपुर, मैलानी से गोरखपुर, छपरा कचहरी से गोमती नगर, छपरा से मथुरा एक्सप्रेस, लखनऊ से छपरा एक्सप्रेस, दिल्ली से आजमगढ़ एक्सप्रेस, फकराबाद से छपरा एक्सप्रेस, लखनऊ से पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, गोमती नगर से नकहा जंगल एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर से साबरमती एक्सप्रेस, डालीगंज से लखनऊ एक्सप्रेस, ग्वालियर से बरौनी एक्सप्रेस, लखनऊ से मैलानी एक्सप्रेस, सीतापुर से लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं।
सीआरएस की अनुमति पर काम शुरू
- पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के अपर मंडल रेल प्रबंधक शिशिर सोमवंशी का कहना है कि यह कार्य जनवरी में ही हो जाता, लेकिन तकनीकी कारण के चलते सीआरएस ने मंजूरी नहीं दी थी। सीआरएस की हरी झंडी मिलते ही काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 3 मार्च के बाद लखनऊ से गोंडा आने-जाने में बहुत कम समय लगेगा। 3 मार्च के बाद गोंडा से लखनऊ के बीच ट्रैक का पूर्ण रूप से दोहरीकरण का काम पूरा हो जाएगा। यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। दोहरीकरण कार्य में पूर्वोत्तर रेलवे एवं उत्तर रेलवे साथ जुटे हुए हैं।
-
रेलमंत्री को भेजा पत्र
- पूर्वोत्तर रेलवे के क्षेत्रीय परामर्शदात्री सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि दोनों इंटरसिटी ट्रेन के रद्द होने से लोगों के सामने समस्या है। इसके लिए उन्होंने रेल मंत्री को एक पत्र भेजकर रद्द हुई दोनों इंटरसिटी ट्रेन को बहाल करके बाराबंकी तक चलाने काअनुरोध किया है।
-