गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने दीपावली व छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए गोंडा के रास्ते नई दिल्ली से गोरखपुर के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि नई दिल्ली-गोरखपुर साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन (04022) 19 सितंबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार (26 सितंबर को छोड़कर) को चलेगी। वहीं, गोरखपुर से गोरखपुर-नई दिल्ली पूजा स्पेशल ट्रेन (04021) 20 सितंबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार (27 सितंबर को छोड़कर) को चलेगी। 10 फेरों में इन दोनों ट्रेनों का संचालन होगा। नई दिल्ली से यह ट्रेन दोपहर दो बजे प्रस्थान कर मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ होते हुए दूसरे दिन रात 01:50 बजे गोंडा और सुबह पांच बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गोरखपुर से सुबह सात बजे चलकर 09:45 बजे गोंडा और रात 11:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। (संवाद)