गोंडा। 130 सहकारी समितियों के होने वाले चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गई है। शनिवार को सदस्य पद के लिए अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 13 मार्च को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
एसीडीओ सहकारिता एसके वर्मा ने बताया कि जिले में 166 न्याय पंचायतों में 161 साधन सहकारी समितियां हैं। जिनमें से 130 सक्रिय समितियों पर सदस्य, उपसभापति व सभापति का चुनाव होना है। पहले समिति के सदस्य का चुनाव होगा। जिसके लिए शुक्रवार को अनंतिम मतदाता सूची जारी होगी। 12 मार्च को आपत्तियां ली जाएंगी। 13 को आपत्तियों का निस्तारण कर फाइनल सूची प्रकाशित होगी। 14 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल होंगे। 15 को नामांकन पत्रों की जांच, 16 को चुनाव चिह्न का आवंटन तथा 18 मार्च को जरूरत पड़ने पर चुनाव होगा। इसके बाद निर्वाचित सदस्य सभापति व उपसभापति का चुनाव करेंगे। सभापति व उपसभापति के चुनाव के लिए 19 मार्च की सुबह साढ़े आठ बजे से नौ बजे तक अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। नौ बजे से साढ़े नौ बजे तक अंतिम सूची जारी होगी। साढ़े नौ बजे से दस बजे तक आपत्तियों का निस्तारण होगा। इसी क्रम में तीन बजे से चार बजे तक मतदान होगा। उसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। (संवाद)