गोंडा। उज्जैनी कला के मजरे भगनपुरवा में कुछ लोगों ने एक विधवा की भूमि पर हैंडपंप लगाकर दीवार का निर्माण करा कब्जा कर लिया। विरोध करने पर उसे पीटने के लिए दौड़ा लिया। इसके विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने धानेेपुर थाने के सामने प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए।
धानेपुर क्षेत्र के उज्जैनी कला के मजरे भगनपुरवा की रहने वाली चनका देवी के पति की मौत हो चुकी है। चनका ने बताया कि उसके घर के सामने पड़ी जमीन पर गांव के कुछ लोगों ने रविवार देर शाम हैंडपंप लगवा लिया। फिर दीवार खड़ी करके जमीन पर कब्जा कर लिया। विरोध पर उसे पीटने को दौड़ा लिया। इससे नाराज चनका के साथ गांव के लोग एकत्र होकर थाना धानेपुर पहुंचे। थाने के सामने प्रदर्शन किया।
धानेपुर इंस्पेक्टर ब्रह्मानंद सिंह ने अवैध कब्जा खाली कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि हल्का दरोगा को अवैध कब्जा हटवाने को कहा गया है।