कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ता। - संवाद
गोंडा। अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने का निर्णय होने के बावजूद आदेश जारी न होने से नाराज दुसाध समाज के लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेतृत्व में दो नवंबर से जिला पंचायत परिसर स्थित टिनशेड में अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। पार्टी जिलाध्यक्ष भगवानदीन पासवान ने बताया कि 31 अगस्त को दिए गए प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी ने समिति की बैठक कराने का निर्देश दिया था। 16 सितंबर को हुई बैठक में दुसाध जाति को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया, लेकिन डेढ़ माह बाद भी कार्यवृत्त और आदेश जारी नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि बलरामपुर समेत अन्य जिलों में प्रमाण पत्र जारी हो रहे हैं, जबकि गोंडा में प्रक्रिया अटकी है। इससे समाज के लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।